भीमताल। बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल में मंगलवार से आईपीएससी ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों की ताइक्वांडो टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में उत्साह और जोश देखने को मिला।
चैंपियनशिप का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर भगवान बंसल (जय भगवान) ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। 75 वर्षीय भगवान बंसल वर्ष 1970 से पावरलिफ्टिंग से जुड़े हैं और कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। डरबन में आयोजित विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने पांच स्वर्ण पदक जीतने के साथ कुल 20 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
उद्घाटन समारोह में प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वित्तीय प्रबंधक संजय गुप्ता, मुखर्जी निर्वाण, खेल विभाग के पृथ्वीराज सिंह किरौला, लीला सिंह बिष्ट, केदार सिंह गड़िया, उपप्रधानाचार्य राकेश मुलासी, हेडमास्टर अजय शर्मा, जतिन ग्रोवर, तुषार मिश्रा, आलोक अस्थाना, कुणाल जोशी समेत विद्यालय के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दौर में देशभर से आए खिलाड़ी अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए जोर आजमाइश करेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का समापन बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

+ There are no comments
Add yours