कैंचीधाम बायपास से जाम से मिलेगी राहत, सांसद अजय भट्ट ने किया शुभारंभ

Estimated read time 1 min read





37 करोड़ की लागत से बन रही 19 किमी सड़क, मेले की तैयारियों का भी लिया जायजा

भीमताल । सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण सैनिटोरियम-रातिघाट (कैंची) बायपास सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए वैलिब्रिज का फीता काटकर शुभारंभ किया। करीब 19 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण के लिए शासन से 37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। सांसद ने कहा कि इस बायपास के निर्माण से कैंचीधाम में लगने वाले जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से अल्मोड़ा, बागेश्वर, कर्णप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाले पर्यटकों एवं आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और जाम में फंसने की समस्या से राहत मिलेगी।

सांसद ने बताया कि मार्ग के अधिकांश हिस्से का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष भाग में डामरीकरण का कार्य किया जाना बाकी है। मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए मार्ग पर पोकलैंड एवं जेसीबी मशीनों की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद ने आगामी 15 जून को श्री कैंचीधाम में आयोजित मेले को लेकर आवश्यक पार्किंग, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन से जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और संबंधित पक्षों के सहयोग से व्यवस्थाओं का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, भावना मेहरा, उपजिला अधिकारी अनुराग आर्य, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours