भीमताल। जनपद नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। जनता की ओर से पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं।
मुख्यमंत्री धामी ने पेयजल निगम को ग्रीष्मकाल को देखते हुए आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था करने तथा खराब नलकूपों और हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने और विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा , विधायक सरिता आर्य , भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours