21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का समापन, समर्थ जैन बने ओवरऑल चैंपियन

Estimated read time 1 min read





भीमताल। लोक भवन गोल्फ क्लब, नैनीताल में 22 मई से आयोजित तीन दिवसीय 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट-2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता में देश के नौ राज्यों से आए 179 गोल्फरों ने प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर राज्यपाल एवं लोक भवन गोल्फ क्लब के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कृत किया।

टूर्नामेंट में समर्थ जैन ओवरऑल चैंपियन बने, जबकि आशीष जैन उपविजेता रहे। वहीं बेस्ट नेट श्रेणी में नुसरत अब्बासी विजेता और अंशुल छाबरा उपविजेता घोषित किए गए।

सुपर वेटरन ग्रॉस कैटेगरी में कर्नल एस.सी. गुप्ता विजेता और एस.के. सूरी उपविजेता रहे। महिला वर्ग में डॉ. सृष्टि धौन ने बाजी मारी, जबकि आरोही अत्री उपविजेता रहीं। वेटरन ग्रॉस श्रेणी में जफर इकबाल विजेता और कर्नल मनोज के. साह उपविजेता घोषित किए गए। वहीं मास्टर विजितेंद्रीय सिंह तोमर को सबसे होनहार गोल्फर का खिताब मिला।

जूनियर वर्ग में 15-17 आयु वर्ग में आलिया सिसोदिया विजेता और कृष्णम विनायक उपविजेता रहे। 12-14 आयु वर्ग में जोहेब अब्बासी विजेता और मेधांश सिंह बिष्ट उपविजेता रहे। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में अरिहंत जोशी विजेता तथा रिदित नैथानी उपविजेता घोषित किए गए।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि 21वां गवर्नर्स कप अपने आप में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर गया है। उन्होंने आयोजन को खेल भावना, जुनून और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि सात वर्ष की बच्ची से लेकर 81 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने इसमें भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि 1926 से संचालित लोक भवन गोल्फ कोर्स प्रकृति और खेल के अद्भुत समन्वय का उदाहरण है, जहां जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य प्रतिभागियों को विशेष अनुभव प्रदान करता है। राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रायोजकों और स्थानीय प्रशासन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours