माइंड पावर यूनिवर्सिटी में नवागत विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू

भीमताल। माइंड पावर यूनिवर्सिटी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के दीक्षारंभ कार्यक्रम का उत्साह एवं उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन विश्वविद्यालय परिसर एवं सभागार को नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया। कुमाऊंनी परंपरा के अनुसार विद्यार्थियों का अक्षत, पीठ्या और कुमकुम से तिलक कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. योगेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरणास्पद उद्बोधन देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश केवल डिग्री प्राप्त करने की यात्रा नहीं है, बल्कि ज्ञान अर्जन, व्यक्तित्व निर्माण, कौशल विकास और जीवन में सकारात्मकता विकसित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, अनुशासन, रचनात्मकता और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने की शपथ दिलाई।

कुलपति डा. श्वेता भोले ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के दृष्टिकोण, मिशन, मूल्यों, शैक्षणिक वातावरण और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया। प्रो. वीसी डा. धस्माना ने विश्वविद्यालय को विश्व के एक छोटे स्वरूप की संज्ञा देते हुए कहा कि यह स्थान विद्यार्थियों को अपने हौसलों को उड़ान देने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करता है।

डीन एडमिशन डा. सुरेश कुमार और डायरेक्टर ऑपरेशन जवाद जमालुद्दीन ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। डीन एकेडमिक डा. रत्नेश चंद्र शर्मा ने विभिन्न संकायों के पाठ्यक्रम, एनईपी-2020 आधारित शिक्षा व्यवस्था, क्रेडिट सिस्टम, सेमेस्टर सिस्टम और परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह समझना जरूरी है कि क्या पढ़ना है, क्यों पढ़ना है, कैसे सोचना है और अर्जित ज्ञान का वास्तविक जीवन में किस प्रकार उपयोग करना है। विश्वविद्यालय की विशेषता यही है कि पाठ्यक्रम केवल किताबों तक सीमित नहीं है। एकेडमिक कैलेंडर विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का रोडमैप है।

कार्यक्रम के दौरान सभी फैकल्टी सदस्यों का विद्यार्थियों से परिचय कराया गया। नवागत विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए। विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर डा. बृजेश कुमार और रजिस्ट्रार डा. हृदेश कुमार ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एडवाइजर देवेंद्र सिंह बोहरा, डा. रमन, डा. विकास, डा. उदय प्रताप सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours