ग्रामीणों ने फूल मालाओं और ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत
भीमताल : विकासखंड ओखलकांडा के अंतर्गत आने वाले हरीशताल गाँव को आखिरकार लिंक मोटर मार्ग की सौगात मिल गई है। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को लिंक मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। लोकार्पण के अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। ज्ञात हो कि पूर्व में स्युड़ा से कौन्ता-हरीशताल तक मुख्य मोटर मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हो चुका था, लेकिन हरीशताल गाँव व झील तक लिंक मोटर मार्ग न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सामान लाने-ले जाने के लिए उन्हें सिर पर या घोड़ों की मदद से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। ग्रामीणों की मांग पर विधायक कैड़ा ने ‘मेरा गाँव मेरी सड़क’ योजना के अंतर्गत 70 लाख रुपये की लागत से लिंक मोटर मार्ग निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित कराया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत शनिवार को लोकार्पण कर इसे ग्रामीणों को समर्पित किया गया। इस दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि हर गाँव को सड़क से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हरीशताल व समीपवर्ती लोहाखाम ताल झील के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कार्य जारी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। लिंक रोड बनने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें दैनिक आवश्यकताओं के लिए मुख्य मार्ग तक जाने में कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

+ There are no comments
Add yours