भीमताल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को धारी एवं रामगढ़ क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। लेटीबुंगा से भटेलिया तक बाइक रैली के रूप में निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनुशासन के साथ उत्तराखंड और देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

+ There are no comments
Add yours