भीमताल : उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) शुक्रवार को अपने जनपद भ्रमण के तहत अल्मोड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस आगमन पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद्र पींचा और सीडीओ दिवेश शाशनी ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से राज्यपाल को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। डीएम ने बताया कि खनन न्यास से सरकारी स्कूलों में अस्थायी अध्यापकों की तैनाती की गई है। साथ ही मुंबई की पेस अकादमी के सहयोग से बच्चों को नीट और इंजीनियरिंग की वर्चुअल कोचिंग दी जा रही है। वहीं महिला सशक्तिकरण की दिशा में पिंक ई-रिक्शा योजना सफल साबित हो रही है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। राज्यपाल ने जिले में हो रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। बैठक के बाद राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित ‘दीदी की रसोई’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन एक मोबाइल कैंटीन के रूप में काम करेगी, जिसमें स्नैक्स और खाना उपलब्ध रहेगा। राज्यपाल ने इस पहल को महिला आजीविका के लिए सराहनीय बताया और जिला प्रशासन को बधाई दी। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. आरसी पंत, एसडीएम सदर संजय कुमार, डीडीओ एसके पंत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours