भीमताल : नगर निगम क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने गंगापुर कबड़वाल स्थित प्रस्तावित गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कुमाऊं मंडल विकास निगम, निर्माण खंड और नगर पंचायत लालकुआं के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा इस गौशाला के निर्माण के लिए 1 करोड़ 98 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को तुरंत निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला में होने वाली व्यवस्थाओं और भूमि विकास की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
नगर निगम अब जल्द ही अभियान चलाकर शहर में घूम रहे आवारा गोवंशों को इस गौशाला में शिफ्ट करेगा। इससे एक ओर जहां गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, वहीं दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि गौशाला का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा ताकि आमजन को राहत मिल सके और पशुओं की भी बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो।

+ There are no comments
Add yours