नैनीताल वन प्रभाग में चल रही फायर ड्रिल
भीमताल : गर्मियों के आगमन के साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वन विभाग और जिला प्रशासन ने वनाग्नि रोकथाम को लेकर कमर कस ली है। नैनीताल वन प्रभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर फायर ड्रिल की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
वन विभाग की टीमों ने हल्द्वानी से नैनीताल मार्ग पर जगह-जगह फायर ड्रिल आयोजित की। साथ ही सड़क किनारे गिरे सूखे पत्तों, विशेष रूप से पिरूल को हटाया गया, जो आग लगने की बड़ी वजह बन सकते हैं। विभाग का यह अभियान जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी जारी है।
नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सी. एस. जोशी ने बताया कि फायर ड्रिल के साथ-साथ टीम जंगलों में आग बुझाने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। इसके अलावा विभाग द्वारा वनाग्नि से बचाव को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
वन विभाग ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति जंगलों में आग लगते हुए देखे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करे, ताकि समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सके। विभाग का उद्देश्य इस बार वनाग्नि की घटनाओं को पूरी तरह से रोकना है।

+ There are no comments
Add yours