भीमताल । राजकीय इंटर कॉलेज गुनियालेख में स्थायी प्रधानाचार्य समेत विभिन्न विषयों के शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने गुरुवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में जल्द नियुक्तियां किए जाने की मांग उठाई।
मनोज शर्मा ने कहा कि गुनियालेख इंटर कॉलेज क्षेत्र का महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है। यहां आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। क्षेत्र का एकमात्र इंटर कॉलेज होने के कारण विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य का पद भी स्थायी रूप से भरा जाना चाहिए और जिन विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त हैं, वहां तत्काल नियुक्ति की जाए।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यालय के अध्यापक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष सहित कई स्थानीय लोगों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मामला उनके सामने रखा था। क्षेत्रवासियों की इसी मांग को लेकर उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की है।
मनोज शर्मा ने कहा कि प्रधानाचार्य और शिक्षकों के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक भी बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग से छात्र-छात्राओं के हित में विद्यालय में स्थायी प्रधानाचार्य और रिक्त शिक्षक पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की।

+ There are no comments
Add yours