निर्माण कार्यों में न हो लापरवाही, गुणवत्ता से न हो समझौता : आयुक्त दीपक रावत

Estimated read time 1 min read





पेयजल निगम की योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
भीमताल : कुमाऊं मंडल में पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय हल्द्वानी में बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल निगम द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आयुक्त दीपक रावत ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूरा कर उनकी हैंडओवर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा, और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों के परिसरों को हरित बनाने के लिए मानसून के दौरान पौधारोपण कराया जाए। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए।
बैठक में महाप्रबंधक पेयजल निगम मृदुला सिंह ने बताया कि नैनीताल जिले में 5 करोड़ से अधिक की लागत से 8 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।90 बेड का आधुनिक चिकित्सालय मोतीनगर, हल्द्वानी में बनकर तैयार है।काठगोदाम बस टर्मिनल का कार्य 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है।रामनगर बस टर्मिनल का कार्य भी तेजी से चल रहा है।भीमताल में 10 बेड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन बनकर तैयार हो गया है।सुशीला तिवारी चिकित्सालय में 60 बेड के टीबी भवन का कार्य लगभग पूर्ण है।
परिवहन भवन पर अड़चन, आयुक्त ने दिए विकल्प तलाशने के निर्देश
बैठक में गौलापार, हल्द्वानी स्थित प्रस्तावित चालक प्रशिक्षण केंद्र और आरटीओ कार्यालय की भूमि पर रेलवे की आपत्ति का मुद्दा भी सामने आया। इस पर आयुक्त रावत ने आरटीओ से दूरभाष पर वार्ता कर निर्देश दिए कि वैकल्पिक भूमि की तलाश कर शीघ्र प्रस्ताव भेजा जाए।
खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी
महाप्रबंधक ने बताया कि मंडल में हॉकी टर्फ, फुटबॉल ग्राउंड व एथलेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य भी चल रहे हैं। हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी टर्फ बनकर तैयार है, जबकि रुद्रपुर, चंपावत और पिथौरागढ़ में कार्य प्रगति पर हैं।
बैठक में संयुक्त निदेशक अर्थ-संख्या राजेन्द्र तिवारी सहित पेयजल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours