गांवों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया गया विशेष सफाई अभियान, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
भीमताल, 14 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों और पंचायती राज विभाग की ओर से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के 28 स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर सफाई की गई।
जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से सफाई की गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
ग्रामीणों ने भी लिया अभियान में हिस्सा
स्वच्छता अभियान में संबंधित विभागों के कार्मिकों के साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट एकत्र किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें और कूड़ा-कचरा खुले में न फेंककर निर्धारित स्थान पर ही डालें। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और कूड़ा मुक्त जनपद बनाने में आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है।

+ There are no comments
Add yours