‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पाद भेंट, जमरानी बांध का किया हवाई निरीक्षण
भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पर देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की उपस्थिति में हुई इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के विकास, संस्कृति और सैन्य परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। उपराष्ट्रपति तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के समापन उपरांत दिल्ली लौटने से पूर्व हल्द्वानी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य की ओर से उनके दौरे के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति की उपस्थिति से राज्य को नई प्रेरणा और ऊर्जा मिली है। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के विविध उत्पाद भी भेंट किए। उपराष्ट्रपति ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सैन्य परंपरा और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। भेंट के उपरांत मुख्यमंत्री धामी ने राज्यपाल के साथ जमरानी बांध परियोजना का संयुक्त रूप से हवाई निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा मंत्री दीपक मेहरा, मुख्यमंत्री के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा तथा स्टेशन कमांडर कर्नल जतिन ढिल्लन समेत कई प्रशासनिक और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours