भीमताल, 13 अगस्त। भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति एवं सम्मान में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकासखंड सभागार भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में सीडीओ ने सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का गरिमापूर्ण एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, प्रशिक्षार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाए और विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को उसका अवलोकन कराया जाए। विभाजन के दौरान दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और कैंडल मार्च आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
सीडीओ ने विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद, परिचर्चा और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को MyGov पोर्टल पर 15 सितंबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से संबंधित गतिविधियों का प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। विभाजन से प्रभावित परिवारों और उनके परिजनों के अनुभव एवं सुझाव साझा करने के लिए भी उपयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

+ There are no comments
Add yours