आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां जनहित के कार्यों की रीढ़ हैं : रेखा आर्या

7052 आंगनबाड़ी पदों पर नियुक्ति, हल्द्वानी में 323 को सौंपे नियुक्ति पत्र

भीमताल : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित ब्लॉक सभागार में जनपद नैनीताल की 323 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी का कार्य सेवा, समर्पण और जनकल्याण का कार्य है। यह केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में 177 कार्यकत्रियों को स्थल पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से अनुपस्थित 146 को डाक के माध्यम से नियुक्त पत्र भेजे जाएंगे। मंत्री आर्या ने बताया कि प्रदेश में पहली बार पूरी चयन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पारदर्शी तरीके से की गई है और इसे महज तीन माह में पूर्ण किया गया। पूरे राज्य में कुल 7052 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 722 कार्यकत्री और 6330 सहायिकाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब आंगनबाड़ी विभाग में उच्च शिक्षित महिलाएं भी बड़ी संख्या में आ रही हैं, जिनमें ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, बीटेक और एमटेक जैसी डिग्रियां धारक महिलाएं भी शामिल हैं। इससे विभाग की दक्षता और गुणवत्ता में निश्चित ही सुधार होगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. बंशीधर भगत ने भी नवनियुक्त कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को भी प्राथमिकता दे रही है, जिसका परिणाम है कि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में देश में सातवें स्थान पर है। कार्यक्रम में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, भाजपा नेता रंजन बर्गली, संदीप सनवाल, नवीन भट्ट, गोविंद सिंह, मनीषा आर्या, कमल रावत, उपजिलाधिकारी राहुल साह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुलेखा बिष्ट समेत विभिन्न ब्लॉकों की कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours