अवैध खनन पर सख्त हुई प्रशासनिक कार्रवाई, पुराने खनन वाहनों पर गिरेगी गाज

Estimated read time 0 min read





भीमताल : जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। मंगलवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित खनन समिति की बैठक में जिलाधिकारी वंदना ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन की किसी भी स्थिति में अनदेखी नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में वर्षों से पुराने खनन वाहन नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इन वाहनों की स्थिति जर्जर है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उन्होंने परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि फिटनेस जांच में किसी तरह की लापरवाही न हो। जो वाहन खनन कार्य के लायक नहीं हैं, उन्हें सड़क से हटाया जाए और उनकी जगह नए वाहनों का पंजीकरण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने वन निगम को निर्देश दिए कि गौला, नंधौर समेत अन्य नदियों में आपदा प्रभावित इलाकों में नदी प्रवाह को ठीक करने हेतु प्राथमिकता पर खनन कार्य किया जाए। उन्होंने खनन लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने को भी कहा।
बैठक में उन्होंने टास्क फोर्स कमेटियों को हर माह नियमित रिपोर्ट भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए वन निगम, परिवहन, और पुलिस विभाग मिलकर नियमित चेकिंग अभियान चलाएं।
बेतालघाट क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से संयुक्त अभियान चलाने और स्थानीय लोगों से फीडबैक लेकर अवैध खनन स्थलों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, उपजिलाधिकारी परितोष वर्मा, रेखा कोहली, तुषार सैनी, प्रमोद कुमार, केएन गोस्वामी, नवाजिस खालिक एवं जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours