भीमताल । जनपद नैनीताल के विकासखंड हल्द्वानी के हल्दूचौड़ निवासी सीमा आर्या आज आत्मनिर्भर महिला के रूप में समाज के सामने एक मिसाल बन चुकी हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित REAP परियोजना के अंतर्गत सीमा को 75,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसमें से 22,500 रुपये की सब्सिडी भी शामिल थी। इस सहयोग से सीमा ने साइकिल रिपेयरिंग और टायर वर्क की दुकान खोली। दुकान के लिए आवश्यक कंप्रेशर और टायर खरीदने के बाद उन्होंने अपने मेहनत और लगन से कारोबार की शुरुआत की। आज सीमा हर महीने 20 से 22 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। केवल यही नहीं, सीमा ने अपने व्यवसाय से दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। सीमा बताती हैं कि यह सब राज्य सरकार की योजनाओं और REAP परियोजना की मदद से ही संभव हो पाया। सरकार और परियोजना के प्रति आभार जताते हुए सीमा आर्या ने कहा कि—
“इस योजना ने मुझे नया जीवन दिया है और आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखाया है।”
आज सीमा की यह सफलता न केवल उनकी मेहनत की गवाही देती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सरकार की योजनाएँ वास्तव में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं।

+ There are no comments
Add yours