वीर शहीद दीवान सिंह बिष्ट की 89वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, डोनपरेवा में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

Estimated read time 1 min read





भीमताल: नैनीताल जनपद के कोटाबाग ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा डोनपरेवा में शनिवार को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर शहीद दीवान सिंह बिष्ट की 89वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। शहीद के स्मारक स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर शहीद दीवान सिंह बिष्ट आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्वलित कर व पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि शहीद दीवान सिंह बिष्ट का बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। आज देश की प्रगति उन्हीं जैसे वीरों की बदौलत संभव हुई है। विधायक ने कहा कि सरकार जनता के द्वार पर शिविर लगाकर अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को संकल्पित है। शिविर में ग्रामीणों ने 129 समस्याएं रखीं। इनमें मुख्य रूप से आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बैंक शाखा खोलने, इंटर कॉलेज में भवन निर्माण, आईटीआई में मशीनें उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल-जल, तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल थीं। संबंधित विभागों को कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, खाद्य, राजस्व, ग्राम्य विकास, विद्युत, पेयजल, उद्योग, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।इसके अलावा 3 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। कृषि विभाग ने 25 किसानों को कीटनाशक व कृषि यंत्र दिए।स्वास्थ्य विभाग ने 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं।समाज कल्याण विभाग ने पेंशन योजनाओं हेतु आवेदन लिए गए । पशुपालन विभाग ने 40 पशुओं को दवाएं दीं और 4 पशुओं का बीमा कराया। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान दयाल सिंह ने कई मांगें रखीं, जिनमें डोनपरेवा को मुख्य मोटर मार्ग से जोड़ने, क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत, सीसी रोड निर्माण, कौशल विकास प्रशिक्षण, मां रौशला देवी मंदिर में टीनशेड निर्माण, मोबाइल नेटवर्क टावर, पुलिस चौकी, नाली-गूल निर्माण, बैंक शाखा स्थापना, हेलीपैड निर्माण व इंटर कॉलेज में एनसीसी शुरू कराने की मांग प्रमुख रही। इन मांगों पर विधायक सरिता आर्य व उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, तहसीलदार, सीईओ, जिला पंचायत सदस्य हेम नैनवाल, ग्राम प्रधान दयाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद कांडपाल, समाजसेवी गोपाल दत्त तिवारी, प्रधानाचार्य रविशंकर पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours