हल्द्वानी में वार्ड 47 और 48 में जन सुविधा शिविर सफलतापूर्वक आयोजित

Estimated read time 0 min read





भीमताल: जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 47 और 48 में जन सुविधा शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। वार्ड 47 के लिए शिविर का आयोजन शिवकालीधाम मंदिर, पुष्प विहार (पार्षद आवास के पास) तथा वार्ड 48 के लिए पलक बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही और बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में आधार सेवा के अंतर्गत 42 आधार कार्ड बनाए व संशोधित किए गए। विद्युत विभाग में प्राप्त 4 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। पूर्ति विभाग में 17 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें नया राशन कार्ड बनाने व नाम जोड़े जाने की मांग शामिल रही। जल संस्थान विभाग में पानी की नई लाइन बिछाने की 2 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर नगर आयुक्त ने तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण हेतु 20 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि स्ट्रीट लाइट संबंधी 14 आवेदन आए। जनसुनवाई के दौरान भोटिया पड़ाव क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा रहने की समस्या उठाई गई, जिस पर क्षेत्रवासियों ने शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। नागरिकों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पहल ने प्रशासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को और मजबूत किया तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम साबित हुआ। 23 अगस्त को वार्ड संख्या 45 (पार्षद कार्यालय, हल्द्वानी) और वार्ड संख्या 46 (अमृता आश्रम, हल्द्वानी) में जन सुविधा शिविर आयोजित किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours