स्यानाचट्टी में यमुना में बनी झील, कई होटलों और घरों में भरा पानी

Estimated read time 1 min read

  • 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
  • ओजरी, ग्राम पूजारगांव, पाली गांव ,खरादी, कुथनोर, व स्यानाचट्टी आदि गांवों को किया अलर्ट

बड़कोट। स्यानाचट्टी में भारी बारिश के बाद खड्ड में आए पानी और मलबे के चलते यमुना नदी में अस्थायी झील बन गई है। सड़क से नीचे की ओर सभी होटलों और घरों में पानी भर गया है तथा पुल के ऊपर तक पानी भर गया है।

झील के कारण क्षेत्र में संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने स्यानाचट्टी के आसपास के घरों और होटलों को खाली करा लिया है। वहां से 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। ओजरी, ग्राम पूजारगांव, पाली गांव ,खरादी, कुथनोर, व स्यानाचट्टी आदि गांवों को अलर्ट कर दिया गया है। एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस, सिंचाई विभाग राजस्व टीम उप जिलाधिकारी बड़कोट मौके पर मौजूद है।

स्यानाचट्टी में झील की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचे और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्थायी झील को खोलने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ की टीम बोट के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। साथ ही एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव टीम सभी आवश्यक संसाधनों के साथ घटनास्थल पर तैनात है। टीम द्वारा कल प्रातः तक झील को सुरक्षित रूप से खोलने का प्रयास किया जाएगा।

स्मार्ट कंट्रोल रूम में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाई, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours