भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित एफटीआई परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण सुरक्षा में सहभागी बनने का प्रेरणादायक संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज एक जनांदोलन का रूप ले चुका है। उत्तराखंड में इस अभियान की शुरुआत हरेला पर्व के अवसर पर की गई थी, जिसमें पहले ही दिन रिकॉर्ड 8 लाख 13 हजार लोगों ने पौधारोपण कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “प्रकृति संरक्षण हमारा संकल्प है।” देवभूमि उत्तराखंड में यह अभियान सावन मास के दौरान पूरे एक माह तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस पवित्र माह में अवश्य एक पेड़ अपनी माँ के नाम लगाएं और पर्यावरण सुरक्षा में अपना योगदान दें।
—————————————————————-
मनसा देवी हादसे पर शोक और सख्ती के निर्देश
मीडिया से बातचीत में हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हुई हालिया दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार द्वारा आवश्यक निर्णय तत्परता से लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों—जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री आते हैं—वहां श्रद्धालुओं की केयरिंग कैपेसिटी के अनुसार प्रवेश, स्थान का विस्तार, पार्किंग व ट्रैफिक प्रबंधन तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनसा देवी मंदिर सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर ये व्यवस्थाएं सख्ती से लागू होंगी ।मुख्यमंत्री ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर प्रदेशभर में जनता का उत्साह अभूतपूर्व रहा। गांवों की सरकार चुनने को लेकर मतदाताओं में विशेष जागरूकता देखी गई, जिसका परिणाम मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि के रूप में सामने आया।
————————————————————-
शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण पर सख्ती
शहरी क्षेत्रों में हो रहे अवैध अतिक्रमण पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अवैध कब्जों की तत्काल पहचान कर उन्हें हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम न केवल सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि विकास कार्यों की रफ्तार बनाए रखने और नागरिकों को सुचारु सुविधाएं प्रदान करने के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री दिनेश आर्य, दीपक मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, विकास भगत, मजहर नईम नवाब, हुकुम सिंह कुंवर, मनोज साह, डॉ. जेड ए वारसी, आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, एसएसपी पीएन मीणा, एफटीआई निदेशक तेजस्विनी अरविंद पाटिल, डीएफओ अभिलाषा सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours