फ्लैट्स मैदान का होगा कायाकल्प, जिलाधिकारी वंदना ने दिए सख्त निर्देश

Estimated read time 1 min read





15 अगस्त तक जलभराव समस्या का समाधान, खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

भीमताल : फ्लैट्स मैदान, नैनीताल के बहुप्रतीक्षित सुदृढ़ीकरण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वंदना ने बुधवार को मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह मैदान न केवल नैनीताल की पहचान है, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का प्रमुख केंद्र भी है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था RWD के अधिशासी अभियंता को मैदान में हो रहे जलभराव की समस्या का 15 अगस्त तक समाधान करने और मैदान का समतलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बजरी डालने से पहले स्थानीय बच्चों व खिलाड़ियों से फीडबैक लिया जाए, ताकि मैदान की संरचना खेल गतिविधियों के अनुकूल हो।
उन्होंने आर्टिफिशियल रॉक क्लाइंबिंग वॉल की सुरक्षा की दृष्टि से रस्सियों की नियमित जांच और प्रशिक्षक की नियुक्ति, साथ ही सुरक्षा उपकरण, मैट और हेलमेट जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश खेल विभाग को दिए।
साथ ही झील के सौंदर्यबोध को ध्यान में रखते हुए मैदान की समग्र सौंदर्यता, लाइटिंग व्यवस्था और बैडमिंटन कोर्ट के लिए सिंथेटिक सतह एवं प्रकाश व्यवस्था की मांग पर त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पैवेलियन भवन में खराब सफाई व्यवस्था देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विद्युत और केबल लाइनों को सुव्यवस्थित करने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा, “फ्लैट्स मैदान नैनीताल की धरोहर है, इसके कायाकल्प में कोताही नहीं चलेगी। समस्त कार्य तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।”
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाज़िश खलीक, ईई पीडब्ल्यूडी रत्नेश सक्सेना, आरईएस के के जोशी, नगर पालिका ईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours