जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर रखी जा रही नजर
24 जुलाई को चार ब्लॉकों में होगा मतदान, प्रशासन पूरी तरह तैयार
भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के पहले चरण के तहत जनपद नैनीताल के रामगढ़, धारी, बेतालघाट एवं ओखलकांडा विकासखंडों में 24 जुलाई (गुरुवार) को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 312 मतदान दलों को उनके गंतव्य स्थलों पर भेजा जा चुका है। मंगलवार को ओखलकांडा के 33 और बेतालघाट के 3 मतदान दलों सहित कुल 36 दलों को रवाना किया गया, जबकि बुधवार को शेष चारों विकासखंडों के 276 दलों ने मतदान सामग्री एवं मतपेटियों के साथ अपने-अपने बूथों के लिए कूच किया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रातः 8:00 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 5:00 बजे तक चलेगा। समय सीमा के भीतर मतदान केंद्रों पर लाइन में लगे सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने मतदान से पूर्व की सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम में हर गतिविधि की निगरानी रखी जाएगी और मतदान से जुड़ी हर सूचना तत्काल अपडेट की जाएगी।
चारों विकासखंडों में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
• ओखलकांडा: 6 जोनल, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट
• धारी: 2 जोनल, 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट
• बेतालघाट: 3 जोनल, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट
• रामगढ़: 3 जोनल, 5 सेक्टर मजिस्ट्रेट
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करें।

+ There are no comments
Add yours