भीमताल : लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल के संगीत शिक्षक अमृत कुमार एवं उनके सुपुत्र हर्षित कुमार को आगरा में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। पंडित रघुनाथ तलेगांवकर फाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र आगरा द्वारा आयोजित 75वें गुरुजन सम्मान समारोह में पिता-पुत्र को उनकी संगीत साधना के लिए अलंकृत किया गया। अमृत कुमार को ‘संगीत शिल्पी’ की मानद उपाधि और उनके सुपुत्र हर्षित कुमार को ‘सुर साधक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह आयोजन 20 जुलाई 2025 (रविवार) को ग्रैंड होटल, आगरा कैंट में गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर किया गया था, जिसमें देशभर से प्रतिष्ठित संगीत साधकों एवं कलाकारों ने भाग लिया। समारोह में पद्मश्री से सम्मानित सुप्रसिद्ध चिकित्सक के कर-कमलों से अमृत कुमार को संगीत के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान हेतु यह सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, हर्षित कुमार को उनके उत्कृष्ट सितार वादन से प्रभावित होकर यह सम्मान दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि क्षेत्र के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक वर्ग, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए अमृत कुमार एवं हर्षित को शुभकामनाएं दीं।


+ There are no comments
Add yours