भीमताल : जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा सोमवार को विकास भवन, भीमताल में भवन मानचित्र स्वीकृति हेतु एक दिवसीय कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 63 भवन मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें से 27 को मौके पर ही जारी भी किया गया।
जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल के सचिव विजयनाथ शुक्ल ने जानकारी दी कि आमजन को भवन नक्शों की त्वरित स्वीकृति प्रदान करने और प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया था। कैम्प के दौरान विभिन्न क्षेत्रों – भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल – से प्राप्त आवेदनों की नियमों के अनुरूप जांच की गई। भीमताल क्षेत्र से प्राप्त 38 आवेदनों में से 35 आवासीय और 3 व्यावसायिक मानचित्रों को स्वीकृति दी गई। वहीं हल्द्वानी क्षेत्र से 25 आवासीय मानचित्र स्वीकृत किए गए। मौके पर ही नैनीताल के 14 और हल्द्वानी के 13 मानचित्र जारी भी किए गए। प्राधिकरण द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 60 आवासीय और 3 व्यावसायिक मानचित्रों को स्वीकृति मिली, जबकि 4 मानचित्रों को तकनीकी कमियों के कारण अस्वीकार कर दिया गया।
शिविर के दौरान जिला प्राधिकरण के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours