बड़ौदा आर-सेटी शीशमहल कैंपस में 14 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, जूट उत्पादों से आत्मनिर्भरता की ओर कदम
भीमताल : बड़ौदा आर-सेटी हल्द्वानी, नैनीताल के शीशमहल परिसर में चल रहे 14 दिवसीय “बेसिक ऑफ मेकिंग जूट प्रोडक्ट्स” प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में जनपद नैनीताल के कुल 34 प्रतिभागियों ने भाग लेकर स्वरोजगार की दिशा में पहला मजबूत कदम उठाया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में हेम कृष्ण सिंह, सुरेश बिष्ट एवं किरन नेगी ने प्रतिभागियों को जूट बैग, पायदान, फाइल कवर, वॉल हैंगिंग, टेबल मैट, लेडीज पर्स, शॉपिंग बैग, साइड बैग, फ्लावर पॉट, झूमर, सेविंग किट पाउच, वॉटर बॉटल कवर और मल्टी परपज बैग जैसे विभिन्न जूट उत्पादों के निर्माण की प्रैक्टिकल जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, सफल उद्यमी के गुण, और प्रेरणादायी वार्तालाप के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावसायिक मानसिकता से परिचित कराया गया। साथ ही बैंकिंग से जुड़ी ऋण योजनाओं एवं सरकारी सहायता कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि राकेश, क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा, हल्द्वानी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने की बधाई देते हुए कहा कि – “आप सभी अब स्वरोजगार की दिशा में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकते हैं। बैंकिंग प्रणाली आपके साथ है।”
दो वर्षों तक संस्थान करेगा मार्गदर्शन
संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडे ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के पश्चात भी दो वर्षों तक संस्थान प्रतिभागियों के व्यवसायिक मार्गदर्शन हेतु निरंतर संपर्क में रहेगा।
मूल्यांकन कर रही है एनएआर की टीम
प्रशिक्षण के अंत में एनएआर की असेसमेंट टीम, देहरादून द्वारा प्रतिभागियों का लिखित एवं मौखिक मूल्यांकन किया गया ताकि उनके सीखे हुए कौशल का उचित आकलन किया जा सके। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार के नए द्वार भी खोल रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours