प्राकृतिक विरासत को बचाने का लिया संकल्प, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने लिया बढ़-चढ़कर भाग
भीमताल : उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पर्यावरणीय चेतना और हरियाली के प्रतीक हरेला महापर्व के अवसर पर मंगलवार को सिटी पार्क, हल्द्वानी में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत करते हुए सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि हरेला केवल त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने का अवसर है। “हरेला हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है और भावी पीढ़ियों के लिए हरा-भरा उत्तराखंड देने की प्रेरणा देता है,” उन्होंने कहा।
सांसद भट्ट ने मौजूद जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी राहुल शाह सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours