विभिन्न विकास कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





सेफ्टी में लापरवाही पर जताई नाराज़गी

भीमताल : जिलाधिकारी वंदना ने गुरुवार को हल्द्वानी क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देवखड़ी नाले में वायर क्रेट चेक डैम, चौपुला नहर कवरिंग, रकसिया नाले के चैनलाइजेशन, जीजीआईसी में निर्माणाधीन लाइब्रेरी, फायर स्टेशन के समीप नहर बैरिकेटिंग, गौलापुल और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गौला नदी पर हो रहे भूस्खलन रोकथाम कार्यों का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा चौपुला क्षेत्र में कराए जा रहे नहर कवरिंग कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त किया। सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर अधिशासी अभियंता को तत्काल व्यू कटर लगाने व मलबा हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य मानकों के अनुसार नहीं हुआ तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई होगी। देवखड़ी नाले के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने नाले में दो जेसीबी मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए ताकि मानसून के दौरान मलवा जमा होने की स्थिति में त्वरित सफाई संभव हो सके। उन्होंने कहा कि नाले की सुरक्षा दीवार जर्जर स्थिति में है, जिसके पुनर्निर्माण की कार्रवाई मानसून के बाद शुरू की जाए। बताया गया कि यहां 8 चेक डैम का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष 5 शीघ्र पूरे किए जाएंगे।
रकसिया नाले के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कम ऊंचाई वाले पुलों के कारण बारिश में जलभराव की समस्या पर चिंता जताई और लोनिवि को डीपीआर बनाकर नए पुल निर्माण का प्रस्ताव देने के निर्देश दिए। नाले में स्थानीय लोगों द्वारा कूड़ा फेंके जाने पर नाराज़गी जताते हुए नगर आयुक्त को ऐसे लोगों का चिन्हीकरण कर चालान की कार्रवाई करने के आदेश दिए। साथ ही, मानसून के मद्देनजर मलवे की तत्काल निकासी हेतु जेसीबी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जीजीआईसी हल्द्वानी में बन रही आधुनिक लाइब्रेरी के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने कहा कि यह पुस्तकालय बच्चों के लिए परीक्षाओं की तैयारी का केंद्र बने, इसका निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त भवनों के ध्वस्तीकरण हेतु संयुक्त टीम बनाने व स्कूल के बाहर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
तीनपानी बाईपास पर नहर सुरक्षा हेतु क्रैश बैरियर कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष जताया और लोनिवि अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, फायर स्टेशन के पास बेंड चौड़ीकरण को भी प्राथमिकता देने को कहा। गौलापुल एवं स्टेडियम क्षेत्र में चल रहे भूकटाव रोकथाम कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बताया कि गौला पुल लिंक मार्ग के प्रथम फेज की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने लोनिवि को कार्य शीघ्र आरंभ करने तथा मजदूरों व मशीनरी की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। गौलापुल के नीचे बने ब्लॉकों को आपस में तकनीकी रूप से जोड़ने की कार्रवाई भी जल्द पूरी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी डी. नायक, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम राहुल साह, सहित सिंचाई, लोनिवि, यूयूएसडीए, ब्रिडकुल, एनएचएआई व अन्य विभागों के अधिकारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours