मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि दिलाने की मांग, कहा- पीड़ितों की स्थिति बेहद दयनीय
भीमताल : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने भवाली मुख्य बाजार में हाल ही में लगी भीषण आग से प्रभावित दुकानदारों को राहत दिलाने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि पीड़ित व्यापारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाए। सांसद भट्ट ने शनिवार को हल्द्वानी में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान यह पत्र सौंपते हुए कहा कि कुछ दिन पूर्व भवाली बाजार में आग की भीषण घटना में लगभग पाँच दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गई थीं, जिससे करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानदारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और वे पुनः कारोबार शुरू करने की स्थिति में नहीं हैं।
सांसद ने कहा कि सभी पीड़ित व्यापारी उनके संसदीय क्षेत्र के निवासी हैं और वे स्वयं इनकी कठिनाइयों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन पीड़ितों की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए मानवीय आधार पर राहत राशि स्वीकृत की जाए ताकि उन्हें कुछ सहारा मिल सके।
भट्ट ने यह भी कहा कि व्यापारियों की ओर से भी मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद की मांग की गई है और प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्यवाही आवश्यक है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि राज्य सरकार इस गंभीर मसले को प्राथमिकता से लेते हुए पीड़ितों की हर संभव सहायता करेगी।
इस दौरान मौजूद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी सांसद के इस प्रयास की सराहना की और सरकार से जल्द राहत की उम्मीद जताई।

+ There are no comments
Add yours