लालकुआं में सीएम धामी ने किया 126 करोड़ 69 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

प्रदेश को अग्रणी बनाने की दिशा में बड़ा कदम, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पर्यटन समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लालकुआं में आयोजित समारोह में नैनीताल जनपद की 126 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत वाली 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 25.93 करोड़ की लागत से 9 योजनाओं का लोकार्पण, जबकि 100.76 करोड़ की लागत से 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। सीएम धामी ने कहा कि नैनीताल जनपद को आदर्श जिला बनाने के लिए कैंसर संस्थान, आयुष अस्पताल, ओपन जिम, अंबेडकर पार्क, रिंग रोड, एस्ट्रो पार्क और पोलिनेटर पार्क जैसी योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। हल्द्वानी को क्लीन एंड ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। जाम की समस्या से निजात दिलाने को मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माणाधीन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कानून बनाए गए हैं। गौ संरक्षण कानून के तहत निराश्रित गौवंश की सुरक्षा हेतु कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है।
इस दौरान ओखलकांडा की क्षतिग्रस्त नहरों का पुनर्निर्माण, भीमताल में जिला आयुर्वेदिक भवन, रामगढ़ में मोटर मार्ग, बेतालघाट की लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी व कालाढूंगी में पशु चिकित्सालय, गंगापुर कबडवाल की गौशाला (फेज-1), रामनगर में राजकीय पॉलीटेक्निक भवन और हल्द्वानी में पुनर्वास केंद्र का जीर्णोद्धार आदि परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बाढ़ सुरक्षा कार्य, नैनीताल व हल्द्वानी में सीवरेज योजनाएं, कोटाबाग में पॉलीटेक्निक भवन, कैंचीधाम परिसर विकास, झीड़ापानी वाटरफॉल, पर्यटन कार्यालय, ग्रामीण सड़कों का सुधार, पुस्तकालय, नलकूप निर्माण और लालकुआं में गौशाला (फेज-2) का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह और एसएसपी पीएन मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours