उत्तराखण्ड में अल्पसंख्यक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने किया 55 करोड़ की योजनाओं का निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में एआई लैब स्थापना के भी दिए निर्देश

भीमताल : उत्तराखण्ड में अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षिक उत्थान के लिए चल रही योजनाओं की प्रगति को लेकर शासन गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को उत्तराखण्ड शासन के अल्पसंख्यक कल्याण सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत निर्माणाधीन 6 स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इन शैक्षिक संस्थानों की समीक्षा के दौरान सचिव गर्ब्याल ने कार्यदायी संस्था के महाप्रबंधक को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ओम प्रकाश सिंह नेगी, कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट एवं वित्त नियंत्रक श्री सूर्य प्रताप सिंह से कार्यों की नियमित निगरानी बनाए रखने पर बल दिया।

सचिव गर्ब्याल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में स्थापित एआई लैब्स का उदाहरण देते हुए उत्तराखण्ड में भी ऐसी ही सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एआई लैब की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में प्रशिक्षण और करियर के बेहतर अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालय पहले से ही अल्पसंख्यक समुदाय के लिए कई पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है और यह पहल उनके भविष्य को और मजबूती प्रदान करेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, कार्यदायी संस्था के महाप्रबंधक श्री भरत नैनवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours