लामाचौड़ व कठघरिया में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

Estimated read time 0 min read





दुकानदारों को एक सप्ताह की मोहलत

भीमताल : शहर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में लामाचौड़ चौराहा और कठघरिया चौराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम, पुलिस, विद्युत विभाग और लोनिवि की टीमों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में सड़क चौड़ीकरण को लेकर जिन दुकानों पर निशान लगाए गए थे, उनमें से कुछ दुकानदारों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया है। ऐसे दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा के बाद प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि अधिकतर लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा दिया है, जिससे अभियान को गति मिली है। शेष बचे लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा है। साथ ही, विद्युत लाइनों के स्थानांतरण को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान लोनिवि, विद्युत विभाग और नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण के कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours