भीमताल । जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामनगर एवं कालाढूंगी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने सात खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की। संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और मिलावट की आशंका के चलते टीम ने घी, चोको चिप्स कुकीज और घेवर के एक-एक नमूने लिए। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए फूड लैब भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस कारोबार पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान एक खाद्य कारोबारी बिना वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के व्यवसाय संचालित करता मिला। विभाग ने संबंधित कारोबारी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया है। साथ ही तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर प्रतिष्ठान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करें और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा स्वच्छता के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

+ There are no comments
Add yours