एप्पल से ड्रैगन फ्रूट तक, बागवानी से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
भीमताल। विकास भवन परिसर भीमताल में शुक्रवार को उत्तराखंड बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढैला ने उद्यान विभाग के अधिकारियों और किसानों के साथ बैठक कर बागवानी विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को बागवानी से जोड़कर उनकी आजीविका बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।
ढैला ने कहा कि वर्तमान में सरकार की ओर से एप्पल मिशन, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इनकी खेती से किसान बेहतर आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को हॉर्टिकल्चर टूरिज्म से जोड़ने पर भी जोर दिया।
उन्होंने जिले में उच्च गुणवत्ता की नर्सरी विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अपने क्षेत्र में ही अच्छी प्रजातियों के फलदार पौधे उपलब्ध हो सकें। साथ ही किसानों को मिलने वाली सब्सिडी सीधे उनके खातों में उपलब्ध कराने और फलों की पैकिंग के लिए दो से पांच किलो तक की पेटियां उपलब्ध कराने को कहा।
बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को इनका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बागवानी को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें उन्नतशील किसान बनाने की दिशा में विभाग को प्रभावी प्रयास करने चाहिए। किसान देवेंद्र सिंह बिष्ट, नारायण बिष्ट और आनंद बिष्ट ने एप्पल मिशन योजना को सरल बनाने और किसानों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर रणनीति तैयार करने का सुझाव दिया।
मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा ने कहा कि किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ लगातार दिया जा रहा है। बैठक में मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, प्रदीप पाठक, संदीप मेहरा, कुलदीप बोहरा, उद्यान पंडित विक्रम सिंह, हरेंद्र दर्मवाल, नरेंद्र सिंह मेहरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours