लाखन सिंह नेगी व मनोज शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, खड़गे से राज्यसभा में मुद्दा उठाने की मांग
भीमताल। कांग्रेस नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ लाखन सिंह नेगी तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने रविवार को नेता प्रतिपक्ष उत्तराखंड यशपाल आर्या से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जनसमस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इन मुद्दों को राज्यसभा में उठाकर केंद्र सरकार तक पहुंचाने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जल जीवन मिशन के नाम पर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में संचालित अधिकांश पेयजल योजनाओं में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार और अनियमितताएं हुई हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई पेयजल योजनाएं अनियमितताओं की भेंट चढ़ चुकी हैं और ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लगातार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के माध्यम से सरकार तथा शासन-प्रशासन को अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
दूसरे प्रमुख मुद्दे के रूप में धारी ब्लॉक की देवनगर-पलड़ा ग्राम सभा में प्रस्तावित भूगड़ा पेयजल लिफ्ट योजना का मामला उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह योजना लगभग 11 वर्षों से लंबित है। योजना के निर्माण से दर्जनों ग्राम सभाओं और हजारों ग्रामीणों को लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट से राहत मिल सकती है। उनका आरोप है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में प्रस्तावित यह बहुउद्देशीय योजना वर्तमान में शासन स्तर पर लंबित है।
लाखन सिंह नेगी और मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार विभिन्न माध्यमों से सरकार से योजना का निर्माण शुरू कराने की मांग करती आ रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि जनता की जरूरतों से जुड़ी योजनाएं हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे से अनुरोध किया कि दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्यसभा में प्रमुखता से उठाकर भारत सरकार के समक्ष रखा जाए, ताकि संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित कराया जा सके और भीमताल विधानसभा की जनता को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
इस दौरान पूर्व प्रधान दिनेश बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश बिष्ट, कांग्रेस जिला सचिव पुष्कर सिंह बिष्ट, मोहित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours