एसटीएच के नए प्राचार्य से मिले कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, भीमताल के मरीजों को प्राथमिकता देने की मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने गुरुवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुशीला तिवारी चिकित्सालय (एसटीएच) के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. अजय आर्या से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार और भीमताल विधानसभा से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

मनोज शर्मा ने कहा कि डॉ. अजय आर्या की कार्यशैली से पूरा पहाड़ परिचित है और उनके नेतृत्व में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा हल्द्वानी से सटी होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में मरीज एसटीएच पहुंचते हैं। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंद मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिलना चाहिए।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत करने, टूटे शीशों और जालियों की मरम्मत कराने की मांग भी की। साथ ही अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांचों में लंबी प्रतीक्षा अवधि कम करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया, ताकि मरीजों को अनावश्यक आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा पंडित नारायण दत्त तिवारी की जन्मभूमि है और एसटीएच अस्पताल का निर्माण भी उनके कार्यकाल में हुआ था। इसलिए क्षेत्र के मरीजों को उपचार और जांच सुविधाओं में प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिससे वे उसी दिन उपचार कराकर अपने घर लौट सकें।

इस पर डॉ. अजय आर्या ने आश्वासन दिया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours