चार दिन में 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने किए केदारनाथ धाम के दर्शन

Estimated read time 1 min read





व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पकड़, अफवाहों से सावधान रहने की अपील

भीमताल, 25 अप्रैल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद मात्र चार दिनों में ही 1,24,782 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासन की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
जिला प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। हैलीपैड, पैदल मार्ग और संवेदनशील ट्रैफिक क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक बल तैनात किया गया है। वहीं कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा लगातार सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भैरवनाथ मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही धाम में सांयकालीन आरती भी शुरू कर दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभव मिल रहा है।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि धाम में व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हैं और प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों की निंदा करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि एक लाख से अधिक श्रद्धालु अब तक दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि टोकन व्यवस्था लागू होने से दर्शन प्रक्रिया सुगम हुई है। साथ ही उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से बिना किसी भ्रम के केदारनाथ आने का आग्रह किया।
सभा के सदस्य संजय तिवारी ने भी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि ठहरने, भोजन और दर्शन की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से बेहतर प्रबंधन किया गया है।
जिला प्रशासन, बदरी-केदार मंदिर समिति और केदार सभा द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours