जिला स्तरीय प्रतियोगिता में छह खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
भीमताल। खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेल विभाग नैनीताल की ओर से आयोजित जिला स्तरीय जुजुत्सु प्रतियोगिता में भीमताल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण समेत छह पदक अपने नाम किए। औरों मार्शल आर्ट भीमताल अकादमी के छह खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल अधिकारी नैनीताल निर्मला पंत ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन जुजुत्सु संगठन के अध्यक्ष रैनशी विनय जोशी की देखरेख में हुआ। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर अकादमी के मुख्य कोच हिमांशु कुलेठा और अनीता बोरा को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में अमयश रंजन, विवान और आरोह कुलेठा ने स्वर्ण पदक हासिल कर भीमताल का नाम रोशन किया। वहीं गजेंद्र बिश्नोई और दर्पिता ने रजत पदक तथा एना कुलेठा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से भीमताल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अकादमी के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

+ There are no comments
Add yours