जनता मिलन में शिकायत के बाद राधा देवी को मिली जमीन की रजिस्ट्री

Estimated read time 0 min read





आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर हुआ समाधान, छह वर्ष से लंबित था मामला

भीमताल, 9 सितंबर। आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायत का त्वरित समाधान करते हुए एक महिला को उसकी खरीदी गई भूमि की रजिस्ट्री दिलाई गई।

रुद्रपुर निवासी राधा देवी पत्नी हरेश सिंह ने वर्ष 2016 में ग्राम चुटकी देवरिया, किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर निवासी दीपक तिवारी से 2100 वर्ग फिट भूमि खरीदी थी। भूमि की कीमत 10.50 लाख रुपये उन्होंने विक्रेता को तत्काल नगद भुगतान कर दी थी। हालांकि मूल खातेदार के उपलब्ध न होने के कारण भूमि की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही थी।

राधा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने इस मामले को लेकर 1 अगस्त 2026 को आयुक्त के जनता मिलन कार्यक्रम में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने की मांग की थी।

मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने राधा देवी, विक्रेता दीपक तिवारी, मूल खातेदार अश्वनी बिष्ट तथा राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तलब किया। सभी पक्षों की सुनवाई के बाद आयुक्त ने दीपक तिवारी और अश्वनी बिष्ट को राधा देवी के पक्ष में भूमि की रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त के निर्देशों के क्रम में 5 सितंबर 2026 को दीपक तिवारी एवं अश्वनी बिष्ट ने 2100 वर्ग फिट भूखंड की रजिस्ट्री राधा देवी के पक्ष में कर दी।

रजिस्ट्री होने के बाद राधा देवी ने 8 सितंबर को आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित भूमि संबंधी समस्या का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours