खड़गे की सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण पर कांग्रेस ने जताया विरोध

Estimated read time 1 min read





भीमताल कोतवाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी तहरीर, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

भीमताल। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। सोमवार को नगर कांग्रेस भीमताल के नेतृत्व में महिला कांग्रेस, विधि कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एससी प्रकोष्ठ और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और मामले में एफआइआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में शामिल गिरीश चंद्र पांडे, जो श्रीराम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष बताए गए हैं, समेत करीब 15 अन्य लोगों ने सभा स्थल का कथित रूप से ‘शुद्धीकरण’ किया। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा इस कृत्य को सही ठहराए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति इस प्रकार का व्यवहार दलित समाज के अपमान और भेदभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन इस तरह के कथित कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह कृत्य संविधान के अनुच्छेद-17 में निहित अस्पृश्यता उन्मूलन की भावना के विपरीत है। उन्होंने मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान एवं समर्थन में यह शिकायत दर्ज कराई गई है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours