विद्यालय के खिलाड़ियों ने जीते छह स्वर्ण और तीन कांस्य पदक, उत्तराखंड 71 पदकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन
भीमताल । जम्मू में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल नैनीताल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
विद्यालय की ओर से 14 विद्यार्थियों की टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें नौ खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए। विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में भूमि मान, धैर्य भड़ाना, शिविका अग्रवाल, आर्या बाहेती, भाविका ट्रेहन, इशिता अग्रवाल, इरा बदोनी, मीत दावरानी और अशांक अग्रवाल शामिल रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
71 पदकों के साथ उत्तराखंड बना ओवरऑल चैंपियन
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रदर्शन भी शानदार रहा। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 71 पदक हासिल किए, जिसमें 28 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के आधार पर उत्तराखंड ने प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों और कोचिंग टीम को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, नियमित प्रशिक्षण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की यह सफलता जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल की खेल प्रतिभा और उत्कृष्टता को नई पहचान दिलाने वाली है। खिलाड़ियों की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

+ There are no comments
Add yours