डम्पी और प्रेम ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में मारी बाजी

Estimated read time 0 min read





प्रभारी प्रधानाध्यापक ने दोनों विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

भीमताल। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ोंन के दो विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कक्षा नौ की छात्रा डम्पी और कक्षा छह के छात्र प्रेम सिंह चुलगाई ने राज्य स्तरीय परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

मंगलवार को विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा ने दोनों विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।

प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। कक्षा छह से आठ तक कुल 25,200 रुपये तथा कक्षा नौ से दस तक 22,800 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है।

उन्होंने कहा कि डम्पी और प्रेम की सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।

विद्यार्थियों की सफलता पर पीटीए अध्यक्ष ललिता देवी, एसएमसी अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, शिक्षिका उमा जोशी, मिथिलेश, प्रियंका, कमल कुमार, पुष्कर मेहता, रघुवर सिंह चुलगाई सहित विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours