दूषित पानी से बीमार ग्रामीणों का हाल जानने पहुंचे कैड़ा, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

Estimated read time 0 min read





ज्योलिकोट क्षेत्र का किया भ्रमण, प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर जानी समस्याएं

भीमताल। ब्लॉक भीमताल ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति से ग्रामीणों के अस्वस्थ होने की सूचना के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को क्षेत्र का भ्रमण कर प्रभावित ग्रामीणों का हाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही पेयजल से जुड़ी समस्याओं को भी सुना।

ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर दिक्कतें बनी हुई हैं। दूषित पानी के कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। मंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित लोगों का कुशलक्षेम जाना।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कैड़ा ने मौके पर मौजूद जल संस्थान समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दूषित पानी की समस्या के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को चिह्नित कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल के नमूनों की जांच बढ़ाने, अस्वस्थ ग्रामीणों को तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours