भीमताल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भीमताल में शनिवार को 15वीं बटालियन एनडीआरएफ के सहयोग से विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम एवं आपदा जागरूकता ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को विभिन्न आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों तथा बचाव तकनीकों के प्रति जागरूक करना था।
एनडीआरएफ की टीम ने आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा जरूरतमंदों की मदद करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आपदा प्रबंधन समिति के प्रभारी डॉ. अरविंद दीक्षित के साथ राजबीर सिंह और रोहित पांडेय ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आपदा के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

+ There are no comments
Add yours