हरेला मेले की आय से अधिक खर्च पर उठे सवाल, ईओ से स्पष्टीकरण की मांग

₹22.13 लाख की आय के मुकाबले ₹25.98 लाख खर्च, ₹3.84 लाख का घाटा दर्शाया

भीमताल, 24 अगस्त। नगर पालिका परिषद भीमताल की ओर से आयोजित हरेला मेले की आय-व्यय रिपोर्ट को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पालिका की ओर से 22 अगस्त 2026 को उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के अनुसार मेले से कुल ₹22,13,778 की आय हुई, जबकि ₹25,98,287 का व्यय दर्शाया गया है। इस तरह आय की तुलना में ₹3,84,509 अधिक खर्च हुआ है।

सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने इस मामले को लेकर नगर पालिका परिषद भीमताल के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर मेले के आय-व्यय को लेकर चार बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है।

उन्होंने पूछा है कि मेले में हुए ₹3,84,509 के घाटे की भरपाई किस बजट मद से की गई। इसके अलावा टीन शेड निर्माण पर खर्च की गई ₹5 लाख की राशि से निर्मित स्थायी संपत्ति की वर्तमान स्थिति और उसके उपयोग का विवरण भी मांगा गया है।

पत्र में यह भी सवाल उठाया गया है कि जब मेले से प्राप्त आय ₹22 लाख के करीब थी तो आय से अधिक व्यय करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। साथ ही ₹2,22,638 के अन्य व्यय का मदवार विवरण बिल-वाउचर सहित उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

जनता के पैसे का हिसाब सार्वजनिक हो

सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने कहा कि “जनता के पैसे को जनता के सामने लाना है, यही हमारा उद्देश्य है।” उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से होने वाले आयोजनों में आय-व्यय में पारदर्शिता जरूरी है और प्रत्येक खर्च का स्पष्ट विवरण जनता के सामने होना चाहिए।

मामले में उनके पत्र की प्रतिलिपि मेला अधिकारी/उप जिलाधिकारी नैनीताल, जिलाधिकारी नैनीताल तथा आयुक्त कुमाऊं मंडल को भी सूचनार्थ भेजी गई है। अब देखना होगा कि नगर पालिका की ओर से उठाए गए सवालों पर क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours