पंजीकरण, नवीनीकरण और अनुदान के आवेदनों के लिए कई दिनों से काट रहे चक्कर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
भीमताल। श्रम कार्यालय हल्द्वानी में पंजीकरण, नवीनीकरण, अनुदान सहित अन्य जरूरी आवेदनों को जमा कराने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंच रहे ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भीमताल विधानसभा क्षेत्र से आने वाले ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान के साथ ही समय की बर्बादी भी झेलनी पड़ रही है।
मनोज शर्मा ने कहा कि पिछले कई दिनों से ग्रामीण फोन कर उन्हें श्रम कार्यालय की समस्याओं से अवगत करा रहे थे। जनता की परेशानी को देखते हुए वह मंगलवार को श्रम कार्यालय पहुंचे और श्रम प्रवर्तन अधिकारी हल्द्वानी से मुलाकात कर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इस संबंध में अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिलेभर के ग्रामीण श्रम कार्यालय में आवेदन जमा कराने के लिए परेशान हो रहे हैं। कई बार कई दिनों तक आवेदन जमा नहीं हो पाते और अंत में तकनीकी दिक्कतों सहित अन्य कारण बताकर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। मनोज शर्मा ने सवाल उठाया कि जब आवेदकों की संख्या लगातार बढ़ रही है तो जनदबाव के अनुरूप व्यवस्थाओं में विस्तार क्यों नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीब और श्रमिक वर्ग के लोगों को मिलने वाले छोटे-छोटे लाभ के लिए नियम और प्रक्रियाएं इतनी कठिन नहीं होनी चाहिए कि उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ें। पहाड़ के दूरदराज क्षेत्रों से लोग किराया खर्च कर हल्द्वानी पहुंचते हैं और आवेदन जमा नहीं होने पर उन्हें दोबारा आना पड़ता है। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मनोज शर्मा ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी से मांग की कि श्रमिकों के आवेदनों को जमा करने के लिए तत्काल अधिक काउंटर बढ़ाए जाएं। कार्यालय में श्रमिकों के बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। साथ ही आवेदन प्रक्रिया में आवश्यकतानुसार शिथिलता लाते हुए तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि “यह हमारे पहाड़ की जनता है, जो दूर-दराज क्षेत्रों से अपने छोटे-छोटे जरूरी कामों के लिए हल्द्वानी आती है। इस तरह उन्हें बार-बार परेशान करना उचित नहीं है। अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार करना चाहिए।”




+ There are no comments
Add yours