अतिक्रमण से 10 से 13 फीट रह गए मार्ग, क्षेत्रवासियों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
भीमताल, 07 अक्टूबर। नगर निगम हल्द्वानी के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला के स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के सड़क मार्गों को कम से कम 20 फीट चौड़ा करने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण पहले 20 से 22 फीट चौड़े रहे मार्ग अब कई स्थानों पर सिमटकर 10 से 13 फीट रह गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में कहा कि वार्ड नंबर 37 में जिन मार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण प्रस्तावित है, उन्हें कम से कम 20 फीट चौड़ा किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क की जद में किसी की बाउंड्रीवाल या भूमि आती है तो जनहित में उसे हटाने या तोड़े जाने पर भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
स्थानीय लोगों ने आयुक्त से मांग की कि जनहित को देखते हुए संबंधित मार्गों को कम से कम 20 फीट चौड़ा कर बंदोबस्ती में शामिल किया जाए और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ सड़क की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।





+ There are no comments
Add yours