एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी; चांफी-पदमपुरी-धानाचूली मार्ग के डामरीकरण की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
भीमताल। धारी ब्लॉक की बबियाड़ ग्राम सभा के अंतर्गत बबियाड़-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है और मार्ग लोगों के लिए खतरा बन गया है। इसके बावजूद सड़क के जीर्णोद्धार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मनोज शर्मा ने कहा कि वह इस मोटर मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर पहले भी दो बार धरना दे चुके हैं। उस समय प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। सड़क की बदहाली के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री भी इस समस्या पर मौन साधे हुए हैं।
एक सप्ताह में काम शुरू करने की मांग
कांग्रेस नेता ने सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर बबियाड़-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग का जीर्णोद्धार शुरू नहीं किया गया तो वह सड़क पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद भी सरकार ने मांग पर ध्यान नहीं दिया तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की अनदेखी के चलते अब आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
हॉटमिक्स और पैचवर्क की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
मनोज शर्मा ने चांफी-पदमपुरी-धानाचूली मोटर मार्ग पर हो रहे हॉटमिक्स और पैचवर्क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पाले के मौसम में किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच जरूरी है। उनका कहना है कि पिछले 10 वर्षों से बदहाल सड़कों पर हॉटमिक्स के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है और केवल चुनाव को ध्यान में रखकर सड़कों की ऊपरी मरम्मत की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यह काम अधिक समय तक टिक नहीं पाएगा।
कांग्रेस नेता ने संबंधित सड़क पर किए जा रहे डामरीकरण और पैचवर्क की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लंबे समय से बदहाल बबियाड़-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग का शीघ्र जीर्णोद्धार शुरू कराने की मांग की।



+ There are no comments
Add yours