कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने राष्ट्रपति से जनभावनाओं के अनुरूप नियुक्ति रद्द करने की मांग की। साथ ही उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े प्रकरण को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए।
मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवाद के बीच दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त करना उत्तराखंड की जनता की भावनाओं की अनदेखी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से महिलाओं के सम्मान और न्याय को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर नियुक्ति रद्द करने की मांग की।
रेखा आर्या प्रकरण की जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े प्रकरण पर कहा कि मातृशक्ति होने के नाते उन्हें रेखा आर्या के प्रति सहानुभूति है, लेकिन इस मामले में उठ रहे सवालों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू के कथित ऑडियो की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मनोज शर्मा ने कहा कि गिरधारी लाल साहू की ओर से रेखा आर्या पर 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति होने का आरोप भी गंभीर है। उन्होंने कहा कि इस आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
दस साल में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप
मनोज शर्मा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले दस वर्षों से लूट-खसोट का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, नौकरशाही और माफिया के गठजोड़ ने प्रदेश के विकास को प्रभावित किया है। उनके अनुसार, भाजपा नेताओं के पास विकास को लेकर कोई स्पष्ट दृष्टि नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। मनोज शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में जनता भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना जवाब देगी।





+ There are no comments
Add yours